
बालोद। पर्यावरण संरक्षण और जिले में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बालोद द्वारा ‘मिशन अंकुर’ अभियान की शुरुआत की गई है। कलेक्टर दिव्या उपेश मिश्रा ने आमजनों को सीड बॉल भेंट कर इस महाअभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर एसपी योगेश पटेल, डीएफओ दीपेश कपिल तथा जिला पंचायत के सीईओ सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सीड बॉल मिट्टी, खाद और नीम, पीपल, बरगद, कटहल जैसे उपयोगी पौधों के बीजों से तैयार की गई छोटी गेंद होती है।
इन्हें रोपने के लिए अलग से गड्ढा खोदने की आवश्यकता नहीं होती। इन्हें खाली भूमि, जंगल या पहाड़ियों पर फेंकने से मानसून की बारिश के बाद ये स्वतः अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेती हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा वन विभाग के सहयोग से जिले में अब तक 3 लाख 50 हजार सीड बॉल तैयार की जा चुकी हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में भागीदारी करने की अपील की है। लोगों से अपने घरों में उपलब्ध बीजों से सीड बॉल तैयार कर जल संरक्षण और हरित बालोद के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया है।
हालांकि जिले में कम होते हुई हरे वृक्षों की संख्या और दिनोदिन सिमटी हुई जंगल एक बड़ी समस्या बनकर उभरी है तथा वृक्षारोपण के नाम पर होने वाली चकाचौंध जमीनी धरातल पर पसरी हुई है। बावजूद इसके जिला प्रशासन बालोद के द्वारा इस तरह की पहल निश्चित रूप से पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से एक बेहतर कदम माना जा सकता है।

